द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बदायूं निवासी शौकत अली और चिपियाना खुर्द निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों को गुरुवार को हिंडन नदी के पुल के नीचे 25 फुटा रोड के पास से स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक को पार्किंग, सड़क किनारे या ग्रीन बेल्ट में छिपाकर खड़ा कर देते थे।आरोपित इन चोरी की मोटरसाइकिलों को बदल-बदलकर मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में इस्तेमाल करते थे। इसके बाद मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपित
शौकत अली (32) पुत्र मोहम्मद मियां, निवासी नई सराय, थाना कोतवाली, बदायूं। वर्तमान पता चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर।पवन कुमार (27) पुत्र रमेश चंद्र, निवासी चिपियाना खुर्द उर्फ तिगरी, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर।

यह हुआ बरामद
चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो अवैध चाकू और फर्जी नंबर प्लेट DL5SBU5326।पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों का दिल्ली के भजनपुरा और न्यू अशोक नगर थानों में दर्ज मामलों से भी आपराधिक संबंध सामने आया है।