-खाद्य विभाग के द्वारा 9 अक्टूबर से चलाया जा रहा था विशेष अभियान
-4 दुकानों के लाइसेंस को किया गया निलंबित
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: मिलावटी व नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए खाद्य विभाग के द्वारा विशेष अभियान के शुरूआत 9 अक्टूबर से हुई थी। विभाग ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच की थी। अभियान के तहत 129 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और 35 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया था। गंभीर अनियमितताओं पर 04 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित किए गए हैं। साथ ही टीम ने कुल 6,425 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज तथा 1,025 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों, खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय स्थलों तथा खाद्य पदार्थों के परिवहन पर विशेष निगरानी रखते कार्रवाई की गई।

70 लाख की सामग्री सीज
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के दृष्टिगत लगभग 70 लाख 83 हजार 900 रुपये मूल्य की कुल 6,425 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की गई। इसके साथ ही प्राथमिक जांच में मिलावट की आशंका अथवा अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में निर्माण, भंडारण, बिक्री एवं परिवहन किए जाने के कारण मानव उपभोग हेतु अनुपयुक्त पाई गई लगभग 2 लाख 96 हजार 500 रुपये मूल्य की कुल 1,025 किलोग्राम खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया जा रहा है कि खाद्य सामग्री की खरीद केवल लाइसेंसधारी/पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही करें। खरीद के बिल सुरक्षित रखें तथा खाद्य सामग्री की निर्माण तिथि, बैच नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच करने के उपरांत ही उसका भंडारण एवं विक्रय करें।
