द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 क्षेत्र के पूर्वांचल रॉयल सिटी में शनिवार को यूपी-112 की सवेरा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता एवं पंजीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कराया गया।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एसीपी-1 ग्रेटर नोएडा राधा रमण सिंह मौजूद रहे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को सवेरा योजना के उद्देश्यों और लाभों की जानकारी दी। बताया कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, कुशलक्षेम और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान यूपी-112 की विभिन्न सेवाओं, आपातकालीन सहायता प्रणाली तथा साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योजना की सराहना की और पुलिस प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।
