-विभाग की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर पकडा मिलावटी पनीर
-अभियान चलाकर विभिन्न स्थान से एकत्र किया 4 नमूना
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: होली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई ने जोर पकड़ लिया है। इसे देखते हुए खाद्य विभाग की टीम के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जेवर टोल प्लाजा पर विभाग की टीम ने 650 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा। यह पनीर पूठपुरा उजावली फतेहाबाद आगरा स्थित होरी लाल की डेयरी से शुद्ध गढ़वाल डेयरी, पहाड़गंज नई दिल्ली को भेजा जा रहा था। विभाग ने एक एक नमूना लेने के बाद शेष पनीर को नष्ट करा दिया।
Greater Noida: गौतमबुद्ध नगर खाद्य विभाग की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर पकड़ा 650 किलोग्राम मिलावटी पनीर, दिल्ली भेजा जा रहा था पनीर । पनीर को कराया गया नष्ट @GreaterNoidaW @dmgbnagar pic.twitter.com/XK58zgfVLy
— The News गली (@The_News_Gali) February 27, 2026
एकत्र किया नमूना
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 26 फरवरी की देर रात यमुना एक्सप्रेस वे जेवर टोल प्लाजा पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने पुलिस के सहयोग से पूठपुरा उजावली फतेहाबाद आगरा स्थित होरी लाल की डेयरी से शुद्ध गढ़वाल डेयरी पहाड़गंज नई दिल्ली को गाड़ी संख्या UP 83DT1138 को पनीर सप्लाई देने हेतु ले जाते हुए पकड़ा गया। प्रथम दृष्टया पनीर का स्वाद कसैला होने, मिलावटी होने एवं अस्वास्थ्यकर दशा में भंडारित होने के कारण 01 नमूना लेकर लगभग 650 किग्रा पनीर विनष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा एवं एस के पांडेय की टीम द्वारा टप्पल रोड जेवर स्थित गणपत ट्रेडर्स से सरसों के तेल का 1 नमूना लिया गया। इसी टीम द्वारा गिझोड़ सेक्टर-53 स्थित बी के इस ट्रेडर्स से नमकीन का 1 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं सय्यद इबादुल्लाह की टीम द्वारा दादरी स्थित सुगन एग्रो फूड्स से सरसों का तेल का 1 नमूना लिया गया। एकत्र किए गए 4 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
