-थीम के आधार पर लगाए जाएंगे स्टाल व होगा आयोजन
-विभिन्न क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले होंगे पुरस्कृत
द न्यूज गली, नोएडा: उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर गौतमबुद्ध नगर में दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन 24 से 26 जनवरी 2025 तक शिल्प हॉट नोएडा सेक्टर 33 नोएडा में होगा। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य की स्थापना 24 जनवरी 1950 को हुई थी। स्थापना दिवस पर प्रदेश में विकास की झलक को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश के विकास को प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया जाएगा। साथ ही सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्ध नगर विद्यानाथ शुक्ल ने बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।
संगोष्ठी का होगा आयोजन
जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन की थीम विकास व विरासत प्रगति के पद पर उत्तर प्रदेश है, जिसमें समस्त विभागों द्वारा इसी थीम पर कला, संस्कृति, इतिहास पर आधारित प्रदर्शनियों, संगोष्ठियों, सम्मेलनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया जाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजित होने वाले कार्यक्रम में निर्धारित तिथियों के अनुरूप अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रदर्शनियों, स्टाॅल व प्रदेश की कला, संस्कृति व इतिहास एवं व्यंजनों के माध्यम से जन सामान्य को उत्तर प्रदेश की मनोहर छवि की झलक से रूबरू कराते हुए शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करायेंगे। उत्तर प्रदेश दिवस-2025 समारोह को जनपद में सकुशल संपन्न कराने के लिए विभागीय अधिकारीयों द्वारा जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने-अपने दायित्व का शत् प्रतिशत निर्वहन किया जाएगा ताकि आयोजित होने वाले कार्यक्रम को भव्य रूप से जनपद में सकुशल संपन्न कराया जा सके।
साइबर सुरक्षा पर लगेगी प्रदर्शनी
अधिकारियों ने बताया कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, डिजिटल उत्तर प्रदेश साइबर सुरक्षा व मिशन शक्ति, नशा मुक्ति, उन्नत प्राकृतिक कृषि विषयों पर प्रदर्शनी के आयोजन के साथ ही विभिन्न लाभार्थी परक योजनाओं के सफल लाभार्थियों तथा विशिष्ट प्रतिभाओं की सक्सेज कहानी को भी फोटो, फिल्म, ब्रोशर के माध्यम से प्रदर्शित करना सुनिश्चित करें। विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। ऐसी विशिष्ट सफल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाए जोकि युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय हो, पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया जाए, युवा पर्यटन क्लब के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाए एवं खेल विभाग द्वारा दिए जाने वाले पुरस्कारों का वितरण भी उत्तर प्रदेश दिवस में किया जाए।
