द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-2 क्षेत्र में हुए एक हमले के मामले में पुलिस ने कार्यवाही है। पुलिस ने वादी और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने वाले तीन फरार आरोपियों को मदरसन तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक, अशोक और रितिक के रूप में हुई है, जो सभी थाना फेस-2 क्षेत्र के ग्राम इलाहाबास के निवासी हैं।

घर में घुसकर किया था हमला
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन तीनों आरोपियों ने वादी के घर में जबरन घुसकर गाली-गलौच की और लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों तथा धारदार हथियारों से जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस हमले में वादी और उसके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-2 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपियों का नाम
-दीपक पुत्र विनोद, उम्र 26 वर्ष, शिक्षा: डी.फार्मा
-अशोक पुत्र महेन्द्र, उम्र 45 वर्ष, शिक्षा: 9वीं
-रितिक पुत्र अशोक कुमार, उम्र 23 वर्ष, शिक्षा: बी.कॉम