द न्यूज गली, नोएडा : स्वच्छता सुपर लीग में शानदार प्रदर्शन कर नोएडा ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम की पीठ थपथपाते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

शनिवार को दिल्ली स्थित यूपी सदन में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे डॉ. लोकेश एम, एसीईओ संजय कुमार खत्री और जन स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक एसपी सिंह। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा हाल ही में प्रदान किए गए स्वच्छता पुरस्कार का प्रमाणपत्र और शील्ड मुख्यमंत्री को समर्पित की गई। डॉ. लोकेश ने मुख्यमंत्री को इस उपलब्धि के पीछे उनके मार्गदर्शन, जनसहयोग और प्राधिकरण टीम की मेहनत को श्रेय देते हुए आभार प्रकट किया।

पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब प्रशासनिक प्रतिबद्धता, जनता का सहयोग और तकनीकी नवाचार एक साथ मिलते हैं, तो असाधारण परिणाम सामने आते हैं। नोएडा की यह ऐतिहासिक सफलता पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने प्राधिकरण अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाईकर्मियों और नोएडा की जनता को इस सफलता के लिए पुनः बधाई दी और कहा कि इस मानक को बनाए रखने के लिए भविष्य में और भी बेहतर प्रयास किए जाने चाहिए।

स्वच्छता अभियान प्रेरणादायक उदाहरण
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रदेश की स्वच्छता अभियान में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए अन्य नगर निकायों को भी इससे सीख लेने का आह्वान किया।