-ग्रीन बेल्ट में चोरी छुपे काटे गए पेड़ -पर्यावरण प्रेमी ने पुलिस व वन विभाग में की शिकायत

द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केपी मलिक ने सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में 100 पेड़ लगाए। वहीं दूसरी तरफ चोरी छिपे लकड़ी माफिया ने ग्रीन बेल्ट में लगे 100 से अधिक पेड़ों को काट दिया। सूचना के बाद पर्यावरण प्रेमी विक्रांत ने मामले की शिकायत पुलिस के साथ ही वन विभाग में भी की है। विभाग के द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच की जा रही है कि पेड़ किस प्रजाति के थे और किन लोगों के द्वारा काटे गए हैं। यह भी देखा जा रहा है कि पेड़ काटने की परमिशन थी या नहीं। रिपोर्ट के बाद वन विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

नहीं थम रही पेड़ों की कटाई
धरा को हरियाली की चादर ओढ़ाने के लिए सरकार के द्वारा पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। पूरे प्रदेश में करोड़ों की संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ गौतमबुद्ध नगर में पेड़ों की अवैध कटाई रुकने का नाम नहीं ले रही है। कुछ वर्ष पूर्व डीसीएम देबू कंपनी में भी 1000 से अधिक पेड़ों की अवैध कटाई हुई थी। मामला एनजीटी में चल रहा है। साथ कुछ दिनों पूर्व अल्फा 2 सेक्टर में भी रात के अंधेरे में नीलय स्क्वायर बिल्डर ने कई पेड़ों को काट दिया था। अब नया मामला सेक्टर चाई 3 में लगभग 100 पेड़ काटने का सामने आया है। मौके पर पहुंचे लोगों ने उस ट्रक को भी पकड़ लिया जिसमें काटने के बाद पेड़ रखे गए थे। काटे गए पेड़ों में साफ दिख रहा है कि वह हरे पेड़ थे। अब देखना है मामले में वन विभाग क्या कार्रवाई करता है।