-मॉरीशस के सिविल सेवकों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा
-कार्य करने के तरीके तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जाना
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: मॉरीशस मध्य करियर सिविल सेवकों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्धनगर दौरा किया। मॉरीशस देश के साथ प्रथम बार हुई सिविल सेवकों की ट्रेनिंग में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जिले की प्रशासनिक रूपरेखा, कार्यशैली, विकास मॉडल तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। डीएम मेधा रूपम सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिनिधि मंडल को विभिन्न जानकारी दी।
प्रशासनिक व्यवस्था को सराहा
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन द्वारा लागू की गई ई-गवर्नेंस व्यवस्था, डिजिटल सेवाएं, त्वरित शिकायत निस्तारण प्रणाली तथा निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सुविधा की विशेष सराहना की। साथ ही इसे सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। संवाद के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय नोएडा एयरपोर्ट एवं इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

