-जापान के उद्यमियों को क्षेत्र में उपलब्‍ध विभिन्‍न सुविधाओं की दी जानकारी
-जल्‍द ही जापान का प्रतिनिधि मंडल प्राधिकरण क्षेत्र का करेगा दौरा

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेजी से आगे बढ़ रही है। जिसके परिणाम स्‍वरूप वहां पर अरबों रुपए का विदेश निवेश भी हो रहा है। अब यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने क्षेत्र में जापानी एमएसएमई पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने शुक्रवार को दिल्ली में जापानी उद्यमियों के समूह जेट्रो के साथ अहम बैठक की। अधिकारियों ने जापानी उद्यमियों को जापानी एमएसएमई पार्क विकसित करने की योजना के बार में विस्‍तार से बताया। जापानी उद्यमियों को प्राधिकरण का यह प्रस्‍ताव पसंद आया। उद्यमियों के द्वारा जल्‍द ही यमुना प्राधिकरण क्षेत्र का दौरा किया जाएगा। मौके पर पहुंचकर विभिन्‍न सुविधाओं की जानकारी की जाएगी।

सुविधाओं की दी जानकारी
दिल्‍ली में हुई बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह और जेट्रो इंडिया के मुख्य महानिदेशक सुजुकी ताकाशी सहित अन्‍य लोग मौजूद थे। प्राधिकरण अधिकारियों ने उन्‍हें बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में  विकसित हो रहे मल्टी माडल कनेक्टिविटी, एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डा नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित अन्‍य चीजों के बारे में बताया। साथ ही मेडिकल डिवाइसेस पार्क, फिल्म सिटी, टेक्सटाइल एंड अपैरल पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क में मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। संभावना जताई जा रही है कि जापान के उद्यमियों द्वारा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जल्‍द ही बड़ा निवेश किया जा सकता है।