द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को पुलिस लाइंस, सूरजपुर में भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह एवं मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग) जसवंत सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके उपरांत गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य रैतिक परेड की सलामी ली गई। परेड का नेतृत्व प्रथम परेड कमांडर सहायक पुलिस आयुक्त दीक्षा भोरिया, द्वितीय परेड कमांडर सहायक पुलिस आयुक्त शकील अहमद तथा तृतीय परेड कमांडर उप निरीक्षक नेकराम सिंह द्वारा किया गया।

पुलिस कर्मियों को दिलाई गई शपथ
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र (कानून एवं व्यवस्था), अपर पुलिस आयुक्त अजय कुमार सहित कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

92 लोगों को मिला सम्मान
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कमिश्नरेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस पदक, डीजी डिस्क शौर्य पदक, उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह एवं पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले 92 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
इसके अतिरिक्त महाकुंभ प्रयागराज में सेवाएं देने वाले कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के 716 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस आयुक्त द्वारा भव्य परेड में प्रतिभाग करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नकद पुरस्कार एवं रिवार्ड अवकाश की भी घोषणा की गई। प्रत्येक प्लाटून कमांडर को ₹5100 की धनराशि तथा परेड में सम्मिलित सभी पुलिसकर्मियों को तीन दिन का रिवार्ड अवकाश प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान डायल-112 आपातकालीन वाहन, बम निरोधक दस्ता, श्वान दल, फॉरेंसिक वैन, पुलिस रेडियो वाहन एवं दंगा नियंत्रण वज्र वाहन की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे दर्शकों ने सराहा। बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
