द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: श्री राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों की बैठक अल्‍फा एक सेक्‍टर में संगठन के कार्यालय पर हुई। बैठक में कानून वापस न होने तक आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रोफेसर डॉ. आनंद प्रताप सिंह को शैक्षणिक एवं अनुसंधान संवर्ग का पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया। प्रो. आनंद प्रताप सिंह ने UGC कानून को आने वाली पीढ़ियों के लिए घातक बताते हुए कहा कि यह कानून समाज को तोड़ने वाला है और इससे शिक्षा क्षेत्र में गंभीर असंतुलन पैदा होगा। हमें इसकी गहराई से जांच करनी चाहिए और इसका विरोध करना आवश्यक है।

गुमराह करने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर धीरज सिंह ने UGC कानून पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि सरकार पहले भी जनता को SC/ST एक्ट पर गुमराह कर चुकी है। जब सुप्रीम कोर्ट ने SC/ST एक्ट लगाने से पहले जांच के आदेश दिए थे, तब सरकार ने अपनी मंशा के अनुरूप अलग से नया कानून बनाकर उन आदेशों की अवहेलना की थी। इसी प्रकार UGC कानून पर भी सरकार का रवैया संदिग्ध है। हमें पूर्ण न्याय की मांग करनी होगी। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष टीपी सिंह ने कहा कि जब तक UGC कानून पूरी तरह वापस नहीं लिया जाता, तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। हम समाज के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस मुद्दे पर जनजागरण अभियान चलाएंगे। बैठक में मनीष अग्रवाल, एसके झा, अनूप सिंह राठौर, राजकुमार रावल, डॉ. सतेंद्र चौहान, ग्रेटर नोएडा नगर अध्यक्ष जगदीश राजपूत, जनपद के संरक्षक राधे भाटी लोग मौजूद थे।