-विश्व वेटलैंड दिवस पर सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित हुआ प्रकृति और पक्षियों का उत्सव
-संरक्षण और जागरूकता का दिया गया संदेश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण एवं इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूरजपुर वेटलैंड, ग्रेटर नोएडा में बर्ड फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश केपी मलिक थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्व वेटलैंड दिवस मनाने का उद्देश्य आमजन को आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना है। कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे क्षेत्र में ऐसी समृद्ध प्राकृतिक धरोहर मौजूद है, जहां हजारों किलोमीटर दूर से आने वाले प्रवासी पक्षी अनुकूल वातावरण का लाभ उठाने आते हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भौतिक और तकनीकी विकास की दौड़ में प्रकृति को काफी क्षति पहुंची है और अनेक पक्षी प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर हैं। उन्होंने सभी से प्रकृति और पक्षियों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

जीव-जंतुओं के जीवन की दी जानकारी
राज्य मंत्री ने सूरजपुर वेटलैंड का भ्रमण किया। इस दौरान प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने बर्ड वॉचिंग टूर, गाइडेड नेचर वॉक एवं नेचर ट्रेल्स, प्रवासी एवं स्वदेशी पक्षियों, वनस्पतियों, कीटों एवं अन्य जीव-जंतुओं के जीवन और पारिस्थितिक महत्व की जानकारी मंत्री को दी। बर्ड फेस्टिवल-2026 के आयोजन अवसर पर लगाई गई फोटो गैलरी का रिबन काटकर शुभारंभ किया गया तथा पर्यावरण, जैव विविधता एवं पक्षी संरक्षण से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रकृति, पर्यावरण और पक्षी संरक्षण का सुंदर संदेश निहित था। डीएम मेधा रूपम ने कहा कि सूरजपुर वेटलैंड न केवल जनपद बल्कि पूरे प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। यह जैव विविधता का जीवंत उदाहरण है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को प्रकृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं और जनसहभागिता से ही सतत विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। प्रभागीय वन अधिकारी गौतमबुद्धनगर रजनीकांत मित्तल ने बताया कि बर्ड फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत विशेषज्ञ प्रकृतिवादियों के नेतृत्व में निर्देशित बर्ड वॉचिंग टूर, गाइडेड नेचर वॉक एवं नेचर ट्रेल्स का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रवासी एवं स्वदेशी पक्षियों, वनस्पतियों, कीटों तथा अन्य जीव जंतुओं के पारिस्थितिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। महोत्सव में क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष स्थान दिया गया।
