-समस्याओं को हल कराने के बाद आवंटन की शुरू होगी प्रक्रिया
-एसीईओ सुनील कुमार सिंह व प्रेरणा सिंह ने 5 कंपनियों का किया भ्रमण
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण जल्द ही आईटी कंपनियों के लिए बड़ी योजना लाने जा रहा है। योजना लाने से पूर्व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बड़ी पहल की है। जिसके तहत प्राधिकरण की टीम आवंटियों और निवेशकों से मिलकर आईटी सेक्टर की अड़चनों और उनको हल करने के सुझाव प्राप्त कर रही है। एसीईओ सुनील कुमार सिंह व प्रेरणा सिंह ने 5 कंपनियों का किया भ्रमण किया है। कंपनियों के द्वारा जो समस्याएं बताई गई हैं उसे दूर किया जाएगा। आईटी कंपनियों के द्वारा बताई गई सभी समस्याओं को दूर करने के बाद प्राधिकरण योजना लांच करेगा।
पर्याप्त हैं भूखंड
ग्रेटर नोएडा में आईटी सेक्टर के लिए अपार संभावनाएं हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के नजरिए से भी ग्रेटर नोएडा एनसीआर के अन्य शहरों से आगे है। नोएडा एयरपोर्ट भी जल्द शुरू होने जा रहा है। यहां आईटी के लिए भूखंडों की पर्याप्त उपलब्धता है। प्राधिकरण जल्द ही स्कीम लाना चाह रहा है, लेकिन प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंशा है कि मौजूदा आवंटियों और इच्छुक निवेशकों से मिलकर आईटी कंपनियों से जुड़ी समस्याओं और उनको हल करने के बाद आईटी भूखंड की स्कीम लांच की जाए। सीईओ के निर्देश पर प्राधिकरण के आईटी विभाग की कंपनियों के प्रबंधन से संपर्क कर रही है। एसीईओ सुनील कुमार सिंह और एसीईओ प्रेरणा सिंह ने भी हाल ही में टेकजोन-4 स्थित 5 कंपनियों, ओसियन इंफ्रा हाइट्स, एसपीआई आईटी, एडवांस कंप्यूसॉफ्ट, अर्था इंफ्राटेक और भूटानी आईटी पार्क का जायजा लिया। कंपनियों के प्रबंधन से आईटी सेक्टर की समस्याओं पर बात की। वे लोग प्राधिकरण की आईटी भूखंडों के आवंटन की शर्तों में किस तरह का बदलाव चाहते हैं, भूखंड आवंटित होने के बाद उद्यम शुरू करने में क्या दिक्कत आ रही है, आईटी में किस कैटेगरी के वर्क का अधिक स्कोप है, इस तरह के तमाम मुद्दों पर दोनों अधिकारियों ने आईटी कंपनियों के प्रतिनिधि से बात की और उनसे प्राप्त सुझावों को हायर अथॉरिटी के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। एसीईओ सुनील कुमार सिंह का कहना है कि आईटी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्राधिकरण हर संभव कदम उठाने को तैयार है।
