-जमीन पर बनाए गए दो मकान को भी प्राधिकरण ने तोड़ा
-जमीन पर कॉलोनी काटने की चल रही थी तैयारी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र बिलासपुर में करोड़ों रुपए की जमीन पर कुछ लोगों के द्वारा कब्जा किया जा रहा था। जमीन पर दो मकान भी अवैध रूप से बना लिए गए थे। सूचना के बाद सोमवार को मौके पर पहुंचकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई की। बनाए गए दोनों मकान को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान प्राधिकरण ने 18770 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। बाजार दर के अनुसार जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 37 करोड़ रुपए है।
प्लॉटिंग की कोशिश
कालोनाइजर बिलासपुर के खसरा नंबर 100, 104 और 105 की जमीन पर घर और बाउंड्री बनाकर प्लॉटिंग की कोशिश कर रहे थे। ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना या फिर बिना नक्शा पास कराए बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने जनमानस से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि बिलासपुर के खसरा संख्या 100, 104 व 105 की 18770 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्राधिकरण के भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह और अन्य की टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने दोबारा निर्माण करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
