-प्रदूषण नियंत्रण के लिए चार वरिष्ठ प्रबंधकों को बनाया नोडल अधिकारी
-107 वाटर टैंकर, 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें और 32 एंटी स्मॉग गन से हो रहा छिड़काव
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। प्राधिकरण की ओर से चिन्हित 11 हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदूषण की रोकथाम के लिए विभिन्न स्थानों पर 32 नई एंटी स्मॉग गन का संचालन कराया जा रहा है। इनके माध्यम से सड़क किनारे और पेड़ों पर जमी धूल को हटाने के लिए नियमित छिड़काव किया जा रहा है।प्राधिकरण ने निर्माणाधीन परियोजनाओं पर भी सख्ती बढ़ा दी है। ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं और अन्य निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य किया गया है। निर्माण सामग्री को ढककर रखने, धूल नियंत्रण के उपाय करने, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने तथा आवश्यकता के अनुसार पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं।

36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस
निर्देशों का पालन नहीं करने पर प्राधिकरण ने 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही नियमों और निर्धारित प्रावधानों के उल्लंघन पर कुल 48.10 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण का लक्ष्य क्षेत्र में धूल और अन्य प्रदूषणकारी कारकों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। ग्रेटर नोएडा निवासियों से अपील है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण रहित बनाने के लिए प्राधिकरण का सहयोग करें। कूड़े को इधर-उधर न फेककर सिर्फ डस्टबिन में डालें, कूड़ा को न जलाएं और कहीं भी धूल उड़ती दिखे तो इसकी सूचना प्राधिकरण को अवश्य दें।
