-सड़क के साथ ही दोनों तरफ नाले का भी कराया जाएगा निर्माण
-तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी में लगातार होता रहेगा विकास
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दादरी में रेलवे रोड से प्रतिदिन लाखों की संख्या में लोग गुजरते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता था। लोगों ने विधायक तेजपाल नागर से रेलवे रोड को बनवाने की मांग की थी। विधायक तेजपाल नागर के प्रयास से शनिवार को सड़क निर्माण का शिलान्यास हो गया। जीटी रोड से रेलवे ओवरब्रिज तक सड़क का निर्माण लगभग 16 करोड़ की लागत से होगा। सीसी रोड बनाने के साथ ही नाले का भी निर्माण होगा। निर्माण कार्य शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित सहित अन्य लोग मौजूद थे।

होगा स्थाई समाधान
इस अवसर पर तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना दादरी नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ जल निकासी की समस्या का भी स्थायी समाधान प्रदान करेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं नाले के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब प्रदेश सरकार द्वारा पूरा किया जा रहा है। सीसी रोड एवं नाला दादरी नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा और आमजन को बड़ी राहत प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी जा रही है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक क्षेत्र में आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे आमजन का जीवन अधिक सुगम और सुरक्षित बन सके। दादरी विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, जल निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कराए जा रहे हैं।

