द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के क्लब हाउस में 300 इंच की विशाल एलईडी स्क्रीन लगाकर वर्ल्‍ड कप टी-20 का फाइनल मुकाबला देखा गया। सामूहिक आयोजन में सैकड़ों निवासियों ने परिवारों के साथ भाग लिया और बड़े उत्साह के साथ मैच का आनंद लिया। मैच के दौरान सोसाइटी का माहौल किसी मिनी स्टेडियम से कम नहीं दिखाई दिया। शाम करीब 5 बजे से शुरू हुए आयोजन में निवासी बड़ी संख्या में क्लब हाउस परिसर में एकत्र हुए। विशाल एलईडी स्क्रीन पर मैच का लाइव प्रसारण देखकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। मैच के हर रोमांचक पल पर लोग तालियां बजाते और जयकारे लगाते नजर आए। जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोग पूरे जोश के साथ टीम इंडिया का समर्थन करते दिखाई दिए।

लहराया तिरंगा
मैच के दौरान कई निवासी हाथों में तिरंगा झंडा लेकर पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ भारतीय टीम का हौसला बढ़ाया। मैच के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। मुकाबले में जब भी भारतीय टीम के खिलाड़ी चौका या छक्का लगाते या न्यूजीलैंड का कोई खिलाड़ी आउट होता, पूरा परिसर तालियों और जयघोष से गूंज उठता। जैसे ही टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबला अपने नाम किया, सोसाइटी में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने पटाखे जलाकर, एक-दूसरे को बधाई देकर और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए जीत का जश्न मनाया। बच्चों ने भी इस मौके पर ढोल बजाकर और तिरंगा लहराकर पूरे माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। कई परिवारों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद भी किया। इस अवसर पर सुंदर सिंह, गौरव शर्मा, मनीष चौधरी, महेश शर्मा, राजीव सिंह, परितोष, नितिन गुप्ता, कवर सिंह, शंकर केसरी, रामललित मोहन, सूरवीर सिंह, शेरोज सिंह, बब्बन सिंह, सचिन दुग्गल, रजनीश यादव, रामललित चौधरी, संजीव और सौरभ शर्मा सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।