-फर्जी वीजा देकर ठग लेते थे एक लाख रुपया
-आरोपित के पास से पुलिस ने कई फर्जी वीजा किया बरामद
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में फर्जी वीजा तैयार करने का बड़ा नेटवर्क संचालित हो रहा था। आरोपितों के द्वारा 100 से अधिक लोगों के साथ ठगी की जा चुकी थी। पीडि़त के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर बिसरख पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। सक्षम शर्मा अपने साथी राजीव शर्मा के साथ मिलकर लोगों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस सहित अन्य देशों में वर्क वीजा दिलाने का झांसा दे कर ठगी करता था। दोनों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में स्काई वीजा वेंचर नाम से ऑफिस भी खोला था। वर्क वीजा के नाम पर हर व्यक्ति से 80 हजार से 1 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। विश्वास जीतने के लिए आरोपी बाकायदा एग्रीमेंट भी करते थे। जब ग्राहक वीजा मांगते, तो उन्हें व्हाट्सएप पर फर्जी तरीके से तैयार किए गए वीजा की फोटोकॉपी भेज दी जाती थी। पुलिस ने सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

ऐसे करते थे ठगी
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि ठगी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ितों ने एम्बेसी (दूतावास) से संपर्क किया और पता चला कि उनके हाथ में मौजूद वीजा महज रद्दी का टुकड़ा है। गिरफ्तार आरोपी के पास से 8 असली पासपोर्ट, 24 फर्जी वीजा की फोटोकॉपी, 37 स्काई वीजा वेंचर के लेटर पैड, 90 विजिटिंग कार्ड, 2 फर्जी मोहरें, 47,000 रुपये नगद और 03 मोबाइल फोन बरामद किये गये है। आरोपी सक्षम शर्मा मूल रूप से हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कुबूल किया है कि वह पहले भी मेरठ और हरियाणा के पानीपत में इसी तरह की ठगी के मामलों में जेल जा चुका है।
