-गैस संकट के बीच आईजीएल ने सप्‍लाई में कटौती का जारी किया मैसेज
-आने वाले समय में संकट और गहराने की संभावना

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गैस का संकट धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। जहां एक तरफ कुछ उद्यमियों ने अस्‍थाई तौर पर अपनी इकाई बंद कर दी है वहीं दूसरी तरफ गैस की सप्‍लाई प्रभावित होने से नॉलेज पार्क के हास्‍टलों में रहने वाले हजारों छात्रों के सामने भी खाने का संकट खड़ा हो रहा है। जिसका प्रमुख कारण है कि गैस सप्‍लाई कंपनी आईजीएल ने गैस सप्‍लाई में कटौती का संदेश जारी कर दिया है। कंपनी ने कहा है कि 11 मार्च से उद्योग एवं कामर्शियल क्षेत्र को मात्र 80 प्रतिशत ही गैस सप्‍लाई होगी। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले समय में गैस का संकट और बढ़ सकता है।

हास्‍टल में रहते हैं 50 हजार से अधिक छात्र
नॉलेज पार्क के विभिन्‍न हास्टलों में 50 हजार से अधिक छात्र रहते हैं। छात्रों के खाने की व्‍यवस्‍था हास्‍टल संचालकों को ही करनी होती है। हास्‍टल में खाना बनाने के लिए आईजीएल के द्वारा गैस की आपूर्ति की जाती है। आईजीएल ने मैसेज जारी कर दिया है कि 11 मार्च से 80 प्रतिशत तक ही गैस सप्‍लाई होगी। ऐसे में हास्‍टल संचालकों के सामने संकट खड़ा हो गया है कि उनके द्वारा हजारों छात्रों के लिए खाना कैसे बनाया जाए। संचालकों का कहना है कि यदि गैस सप्‍लाई में और कटौती होती है तो छात्रों के लिए खाना बनाना मुश्किल होगा।