-विवाद के बाद चाकू से किया था हमला
-उपचार के दौरान अस्पताल में हो गई थी मौत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा सेक्टर 24 कोतवाली क्षेत्र के झुंडपुरा में बारात चढ़त के दौरान पैसे उड़ाए जा रहे थे। पैसे बटोरने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद में एक युवक को चाकू मार दिया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर घटना का खुलासा कर दिया। घटना में पुलिस ने 5 आरोपितों सुदामा, रौनक, आसिफ उर्फ़ अत्थी तोसीफ व सरफराज़ को गिरफ्तार करने के साथ ही व 2 बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है।
बंटवारे में विवाद
पुलिस ने बताया कि बारात घर, झुंडपुरा से बरात चढ़त के दौरान पैसे बटोरने के बाद प्रथम पक्ष का एक युवक अपने भाई के साथ घर वापस आ रहा था, इसी दौरान द्वितीय पक्ष का एक बाल अपचारी भी अपने अन्य साथियों के साथ वापस आ रहा था। दोनो पक्षों के मध्य न्योछावर के रूपए बटोरने के सम्बन्ध में आपस में विवाद हो गया था, तो बाल अपचारी द्वारा अपने साथी आसिफ उर्फ अत्थी को बताया कि श्याम ने उसके हिस्से के बटोरे गये पैसे ले लिए हैं। जिसके बाद आसिफ उर्फ़ अत्थी द्वारा अपने अन्य साथियों रौनक, तौसीफ, सुदामा, सरफ़राज व एक अन्य बाल अपचारी के साथ मिलकर श्याम पर हमला कर दिया व झगड़े के दौरान आसिफ उर्फ़ अत्थी द्वारा चाकू मार दिया गया। घायल युवक को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मृत्यु हो गई थी। अपराधियों के पास से पुलिस ने 1770 रूपए, एक चाकू व रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए हैं।
