-हास्टल का चार्ज बढ़ाए जाने पर छात्रों ने किया हंगामा
-व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में जुटे हास्टल प्रबंधक
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दो दिन पूर्व पीएनजी गैस की सप्लाई में कटौती का मैसेज जारी किया गया था। कहा गया था कि 80 प्रतिशत तक ही गैस की सप्लाई की जाएगी। जिसके बाद से नॉलेज पार्क के हास्टल प्रबंधन की मुश्किल बढ़ गई थी। गैस सप्लाई में कटौती को देखते हुए हास्टल प्रबंधन ने नया जुगाड़ निकाल लिया है। पहले सुबह के नाश्ते में छात्रों को चाऊमीन, समोसे, ब्रेड पकौड़े, बर्गर व अन्य चीज दी जाती थी। गैस बचाने के लिए अब नाश्ते में केला, बिस्कुट, नमकीन व अन्य सामान दिया जा रहा है। साथ ही गैस सप्लाई में होने वाली कटौती को देखते हुए हास्टल में लकड़ी पर खाना बनाया जाने लगा है।

फीस बढ़ाने पर हंगामा
नॉलेज पार्क के विभिन्न हास्टल में लगभग 50 हजार छात्र रहते हैं। गैस में हुई कटौती के बीच कुछ हास्टल में छात्रों से प्रतिमाह ली जाने वाली फीस में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। स्ट्रेंजा लिविंग हास्टल में प्रतिमाह 1200 रुपए की फीस बढ़ा दी गई है। ऐसे में हास्टल में रहने वाले छात्र नाराज हो गए हैं। फीस बढ़ाए जाने के विरोध में हास्टल में रहने वाले छात्रों ने हास्टल के गेट पर हंगामा किया। प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने मांग की कि बढ़ाई गई फीस वापस ली जाए।

