-15 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त
-प्राधिकरण ने 30 करोड़ की जमीन कराई कब्‍जा मुक्‍त

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अवैध अतिक्रमण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने एक बार फ‍िर कार्रवाई की है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर टीम ने आमका और बिसरख के डूब क्षेत्र अतिक्रमण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण ने आमका में करीब 15 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। कालोनाइजर डूब क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। इसके साथ ही बिसरख के डूब क्षेत्र में बने तीन मकानों को ढहा दिया है। अतिक्रमण मुक्‍त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 30 करोड़ रुपए है।

लगातार कार्रवाई
प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि आमका गांव के खसरा संख्या 295, 296, 297, 298 व 299 की जमीन पर कालोनाइजर अवैध निर्माण कर कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम चौधरी के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता व वर्क सर्किल दो की टीम पूरी टीम ने मौके पर जाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और लगभग 15 हजार वर्ग मीटर जमीन कब्जे से मुक्त करा लिया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई दोपहर दो बजे से दो घंटे तक चली। वहीं, शुक्रवार को ही वर्क सर्किल तीन के प्रभारी प्रभात शंकर, मैनेजर प्रशांत समाधिया और पूरी टीम ने बिसरख के डूब एरिया में निर्माणाधीन तीन मकानों को ढहा दिया। दोनों ही कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।