-फिटनेस व परमिट के बिना ही संचालित हो रहे थे स्‍कूल वाहन
-जांच के लिए परिवहन विभाग ने शुरू किया विशेष अभियान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सरकार व परिवहन विभाग के सख्‍त निर्देशों के बाद भी जिले के विभिन्‍न स्‍कूलों में 140 वाहन फिटनेस व परमिट के बिना ही दौड़ रहे थे। जांच के बाद परिवहन विभाग ने सभी वाहनों को नोटिस जारी कर दिया है। निर्देश दिया है कि बिना फिटनेस व परमिट के वाहनों का संचालन न किया जाए। सहायक संभागीय अधिकारी डा उदित नारायण पाण्डेय का कहना है कि टीमों का गठन कर विशेष जांच अभियान की शुरूआत की गई है। नियमों का उल्‍लंघन करने वाले सभी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दर्ज होगा मुकदमा
उचित नारायण पांडे ने बताया कि जिले के सभी शिक्षण संस्थान अपने अधीन पंजीकृत और अनुबंधित स्कूली वाहनों की परिवहन विभाग से जांच कराकर उनके फिटनेस प्रमाण पत्र (स्वस्थ्यता प्रमाण पत्र) और परमिट का नवीनीकरण कराना सुनिश्चित करें। जब तक वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट वैध नहीं हो जाते, तब तक ऐसे स्कूली वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्‍होंने बताया कि वर्तमान में जनपद गौतमबुद्धनगर में 47 स्कूली वाहन और 93 अनुबंधित स्कूली वाहन ऐसे हैं, जिनके फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है। विभाग द्वारा इन सभी वाहन स्वामियों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
जिले के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्कूल प्रबंधक या वाहन स्वामी द्वारा नियमों के विरुद्ध वाहन संचालन किया जाता है, तो उनके खिलाफ संबंधित विभाग के माध्यम से विधिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा गया है। यदि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान और वाहन स्वामी की होगी।