-जल्‍द निर्धारित होगी एयरपोर्ट के उदघाटन की तिथि
-वर्षों के इंतजार की घडि़यां हो जाएंगी समाप्‍त

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उदघाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ करेंगे। उदघाटन स्‍थल पर एक भव्‍य रैली भी आयोजित होगी। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह का कहना है कि एयरपोर्ट का उदघाटन 28 या 29 मार्च को होगा। तिथि की घोषणा जल्‍द हो जाएगी। शनिवार को रैली स्‍थल पर पहुंचकर धीरेंद्र सिंह व अन्‍य अधिकारियों ने निरीक्षण किया। धीरेन्द्र सिंह ने प्रस्तावित सभा स्थल तथा वहां तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धीरेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान आने वाले अतिथियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

विकास को मिलेगी नई गति
धीरेन्द्र सिंह ने सभा स्थल की व्यवस्थाओं, पार्किंग, सुरक्षा प्रबंधन तथा यातायात की सुगम व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन की शुरुआत है। इससे रोजगार, उद्योग, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। जेवर अब तेजी से एक वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, और एयरपोर्ट के शुरू होने से उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के विकास को नई दिशा मिलेगी। क्षेत्र के लोगों में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और सभी की निगाहें अब उस दिन पर टिकी हैं, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की उपस्थिति में जेवर एयरपोर्ट का उदघाटन होगा।