-विभाग की टीम ने जिले में विभिन्न स्थानों पर चलाया जांच अभियान
-जांच के लिए भेजे गए 7 खाद्य पदार्थ के नमूने
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कुट्टू आटा खाने से अक्सर लोगों के बीमार होने की खबर आती रहती है। हाल ही में शिवरात्रि पर भी कुट्टू का आटा खाने से बड़ी संख्या में लोग बीमार हो गए थे। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम नवरात्र पर सतर्क हो गई है। विभाग ने की टीम ने जिले में विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। जांच में लगभग 400 किलो कुट्टू आटा सीज कर दिया गया। साथ ही टीम ने 7 दुकानों से खाने के नमूने लिए, जांच के लिए सभी नमूने को प्रयोगशाला भेजा गया है।
खुले में रखा था आटा
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एवं विजय बहादुर पटेल की टीम ने कुलेसरा ग्रेटर नोएडा स्थित संतोष ट्रेडर्स पर 240 किग्रा कुट्टू आटा खुला हुआ पाया गया, जिसका बिल बाउचर नहीं पाया गया एवं निर्माण तिथि का अंकन भी नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त 250 ग्राम के बिना निर्माण तिथि व बैच नंबर के अंकन के कुट्टू आटा के 244 पैकेट पाए। जिनमें से 1-1 नमूना लेकर शेष लगभग 238 किग्रा खुला व 240 पैकेट कुट्टू आटा सीज किया गया। कुलेसरा ग्रेटर नोएडा स्थित मुस्कान ट्रेडर्स पर 70 किग्रा कुट्टू आटा खुला हुआ पाया गया, जिसका बिल बाउचर नहीं पाया गया एवं निर्माण तिथि का अंकन भी नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त 250 ग्राम के बिना निर्माण तिथि व बैच नंबर के अंकन के कुट्टू आटा के 145 पैकेट पाए, जिनमें से 1-1 नमूना लेकर शेष लगभग 70 किग्रा खुला व 141 पैकेट कुट्टू आटा सीज किया गया। टीम द्वारा लगभग 400 किग्रा कुट्टू आटा सीज किया गया।
