-कुत्‍तों के कारण सेक्‍टर के लोगों में व्‍याप्‍त हो रहा डर
-डर के कारण बुजुर्ग व बच्‍चे घरों में हो रहे हैं कैद

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्‍टर, सोसायटी व गांवों में आवारा कुत्‍तों के हमले का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कुत्‍ते आए दिन किसी न किसी पर हमला कर रहे हैं। बृहस्‍पतिवार को बीटा एक सेक्‍टर में आवारा कुत्‍ते ने रेनू वर्मा पर हमला कर दिया। कुत्‍ते के हमले के कारण महिला के पैर में गहरा घाव हो गया। हमले के कारण महिला डर गई। आस-पास के लोगों ने कुत्‍ते को वहां से भगाया। परिवार के लोगों ने पास के अस्‍पताल में महिला का उपचार कराया। सेक्‍टर के महासचिव हरेंद्र भाटी का कहना है कि पिछले कुछ माह के दौरान सेक्‍टर में तीन लोगों पर कुत्‍ते हमला कर चुके हैं। उन्‍होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि कुत्‍तों का टीकारण हो और नसबंदी अभियान चले।

लोगों में व्‍याप्‍त है डर
कुत्‍तों के हमले के कारण लोगों में डर व्‍याप्‍त होता जा रहा है। तीन दिन पूर्व भी पालतू कुत्‍ते ने 13 साल के बच्‍चे पर हमला कर दिया था। कुत्‍तों के लगातार बढ़ते हमलों के कारण बुजुर्ग व बच्‍चे घरों में कैद हो गए हैं। बीटा दो सेक्‍टर में भी कुछ दिन पूर्व कुत्‍तों ने एक महिला को काट लिया था। महिला को बुखार चढ़ गया था, उनका उपचार अस्‍पताल में चल रहा था। एक दिन पूर्व हार्टअटैक आने के कारण महिला की मौत हो गई थी।