-नालों को ढ़कने के लिए तैयार कराए गए हैं कंक्रीट के ढक्कन
-अधिकारियों का दावा जल्द ही ढ़क दिए जाएंगे सभी स्थानों पर खुले नाले
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: खुले नालों के कारण क्षेत्र में आए दिन दुर्घटना होती रहती है। कई बार आवारा जानवर कुत्ते, गाय व सांड भी नाले में गिर जाते हैं। साथ ही जहां पर नाला खुला होता है उसमें लोगों के द्वारा कचरा भी फेंक दिया जाता है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा निर्णय लेते हुए विभिन्न स्थानों पर खुले सभी नालों को ढ़कने का निर्णय लिया है। नालों को ढ़कने के लिए कंक्रीट के ढक्कन तैयार कराए गए हैं। विप्रो गोलचक्कर से सेक्टर 36 व 37 की तरफ जाने वाली सड़क के किनारे खुले नालों को ढकने के साथ ही काम शुरू हो गया है। प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है अगले कुछ माह में सभी स्थानों पर खुले नालों का ढ़क दिया जाएगा।
दो करोड होंगे व्यय
खुले नालों के कारण होने वाले दुर्घटना को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टेंडर जारी किया था। जिसमें विभिन्न स्थानों पर खुले नालों को ढ़कने की जानकारी दी गई थी। योजना के तहत प्रमुख रूप से उन नालों को ढ़का जाएगा जिनकी चौड़ाई दो मीटर से अधिक है। अधिकारियों ने बताया योजना के तहत ऐस प्लेटिनम सोसाइटी से एलजी चौक तक 60 मीटर चौड़ी सड़क, ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क पर मकौड़ा गोलचक्कर से जगत फार्म तक और 130 मीटर सड़क पर जैतपुर- वैशपुर गोलचक्कर से सूरजपुर -कासना सड़क टी प्वाइंट तक के अलावा प्राधिकरण दफ्तर के समीप स्थित विप्रो गोलचक्कर, आईटीबीपी गोलचक्कर से सूरजपुर- कासना सड़क, आईटीबीपी गोलचक्कर से होली पब्लिक स्कूल से सूरजपुर- कासना सड़क और सेक्टर 36, 37 गोलचक्कर से इकोटेक एक्सटेंशन गोलचक्कर तक 60 मीटर और 80 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे स्थित नालों के ऊपर प्री कास्ट ढक्कन लगाने का कार्य किया जाएगा।
