-28 मार्च को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री करेंगे एयरपोर्ट का उदघाटन
-उदघाटन के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उदघाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। एयरपोर्ट का उदघाटन करने के बाद प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में अधिक से अधिक भीड़ जुटे इसे देखते हुए जन प्रतिनिधियों के द्वारा गांव-गांव में जन संपर्क किया जा रहा है। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के लोग इस ऐतिहासिक क्षण को उत्सव के रूप में मनाने के लिए तैयार हैं। साथ ही जेवर विधानसभा क्षेत्र से एक लाख से अधिक लोग प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए पहुंचेंगे, जो क्षेत्र की एकजुटता और यहां हो रहे विकास के प्रति विश्वास का प्रतीक होगा।

किसानों का योगदान अहम
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जब इस हवाई अड्डे के निर्माण के लिए क्षेत्र के किसानों ने अपनी जमीनें समर्पित कर दी है, तो अपने देश के प्रधानमंत्री का स्वागत करना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है। धीरेन्द्र सिंह पिछले कई दिनों से लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वह स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें इस अवसर का सहभागी बनने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं और जनसहभागिता निरंतर बढ़ रही है। विधायक ने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम में लगभग डेढ़ से दो लाख लोग पहुंचेंगे।

