-मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
-28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे एयरपोर्ट का उद्घाटन
द न्यूज़ गली, ग्रेटर नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च 2026 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर एवं कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण तथा एमआरओ (रखरखाव, मरम्मत और संचालन) का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम को भव्य एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इण्टरनेशल एयरपोर्ट जेवर पहुंचकर लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुये आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के अवलोकन के मार्ग और निरिक्षण स्थलों को देखा और साथ ही पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग व्यवस्था, विभिन्न मार्गों, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों पर की गयी तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने की समीक्षा
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में एयरपोर्ट, कार्गो लोकार्पण, एमआरओ शिलान्यास तथा संपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं संचालन योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुये अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य की उपस्थिति को देखते हुए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं प्रभावी हों। कार्यक्रम को भव्य एवं विश्वस्तरीय स्वरूप प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने व्यापक स्तर पर ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचें। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से जुड़े सभी मार्गों की सुगमता,साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परिवहन सुविधा, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं एवं साइनेज सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विभिन्न जनपदों से आने वाले जनसमूहों की सुविधा हेतु पार्किंग में भी मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क, पेयजल, चिकित्सा सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रशासन एवं पुलिस से पाॅवर प्रजेटेंशन के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की रूपरेखा की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था 04 स्तरीय सुनिश्चित की जायेगी।
इस अवसर जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सतेन्द्र सिसोदिया,जिलाध्यक्ष भाजपा अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा महेश चैहान, सांसद डाॅ महेश शर्मा,विधायक जेवर धीरेन्द्र सिंह,विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचन्द शर्मा, नरेन्द्र भाटी, अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह, मंडलायुक्त मेरठ मंडल, मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह , नॉएडा एयरपोर्ट के नोडल अफसर शैलेन्द्र भाटिया तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

