-सिटी पार्क में चल रहे उमंग मेले का हुआ भव्य समापन
-सभी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भारत नवनिर्माण ट्रस्ट के अन्तर्गत, भारतीय पर्व आयोजन समिति के तत्वावधान में भारतीय नववर्ष स्वागत उत्सव उमंग मेला 2083 का भव्य समापन हो गया। मेले में विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 700 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। ज्ञात हो कि पहला उमंग मेला 2007 में प्रणीत भाटी की अध्यक्षता में प्रारंभ हुआ और इस वर्ष बीसवें उमंग उत्सव का समापन प्रणीत भाटी की अध्यक्षता और सौरभ बंसल के संयोजकत्व में नए प्रयोगों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं को अनुभवी और उस विषय के तज्ञ निर्णायकों डॉ कल्पना भूषण, सुपर्णा भूषण सूद, प्रीती चितकम्बले, अतुल गोस्वामी, अर्पिता श्रीवास्तव, पूनम शर्मा, कुसुम गौर, सरोज सिंह, स्वेता, सोनाली धारा, आनन्द जी, डॉ दिव्या, आराधना वर्मा ने निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट ढंग से मूल्यांकन किया।

समितियों ने दी प्रस्तुति
चार दिवसीय उत्सव में ग्रेटर नोएडा शारदीय सांस्कृतिक समिति, नटना तीर्था टेम्पल ऑफ आर्ट (अय्यप्पा सेवा समिति) एवं उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंतिम दिन अति विशिष्ट अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया, विधायक तेजपाल नागर, शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा, वरिष्ठ कवि मुकेश शर्मा व समाजसेवी मनोज गर्ग ने विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रो विवेक कुमार ने दो वार्षिक पुरस्कार प्रारम्भ करने का प्रस्ताव रखा जिसमे एक गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकार पुरस्कार है – यह पुरस्कार हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में निर्भीकता, सामाजिक सरोकार, रचनात्मकता और हिंदी भाषा के प्रति समर्पण तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ पत्रकार को दिया जाएगा। पुरस्कार स्वरुप प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह और 11000 नकद राशि दी जाएगी। पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 26 अक्टूबर को दिया जाएगा। दूसरा पुरस्कार स्वामी हरिदास-तानसेन संगीत नृत्य पुरस्कार होगा जो प्रत्येक वर्ष स्वामी हरिदास और तानसेन की विरासत का सम्मान करने और शास्त्रीय कलाओं को बढ़ावा देने के लिए दिया जायेगा । पुरस्कार स्वरुप प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह और 11000 नकद राशि दी जाएगी।

