-अखिलेश यादव के सामने भावी प्रत्याशियों के ताकत दिखाने की होड़
-जिले की तीनों विधानसभा से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता कूदे मैदान में
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: विधानसभा चुनाव 2027 रैली की शुरुआत समाजवादी पार्टी के द्वारा दादरी से की जा रही है। 29 मार्च को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दादरी में विशाल रैली की घोषणा की है। दावा किया जा रहा है कि रैली में एक लाख से अधिक लोग जुटेंगे। पार्टी के नेता यह भली भांति जानते हैं कि गौतम बुद्ध नगर उनका सबसे कमजोर किला है। अखिलेश यादव ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस जिले से पार्टी के नेता राज्यसभा व एमएलसी बने हैं। साथ ही यह दावा भी किया कि विधानसभा चुनाव में गौतम बुद्ध नगर से ही सबसे अच्छा परिणाम आएगा। विशाल रैली व सबसे अच्छा परिणाम आने की घोषणा के बाद से पार्टी के नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लग लग गई है।
वास्तविक व कागजी मेहनत
जिले की तीनों विधानसभा नोएडा, दादरी व जेवर से समाजवादी पार्टी से टिकट चाहने वालों की फेहरिस्त लंबी है। एक-एक विधानसभा से 10 से 15 लोग टिकट की दावेदारी में हैं। पार्टी ने पहले ही यह घोषणा कर दी है कि जमीनी स्तर पर काम करने वालों को ही टिकट मिलेगा। टिकट मांगने वालों से कहा गया है कि रैली में अधिक से अधिक भीड़ लेकर आएं। जिसके बाद से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता हरकत में आ गए हैं। चुनाव में जो लोग टिकट मांग रहे हैं उनमें से कुछ सिर्फ सोशल मीडिया तक ही सक्रिय हैं। भीड़ के रूप में उनके साथ 10 आदमी भी नहीं हैं। उनके द्वारा फोटोबाजी के माध्यम से ही भौकाल बनाया जा रहा है। कई ऐसे भी नेता हैं जो पिछले कई माह से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं, साथ ही भीड़ जुटाने की क्षमता भी रखते हैं। देखना होगा कि पार्टी के नेता अखिलेश यादव के एतिहासिक रैली के सपने को साकार करने में कितना सफल होते हैं।
