-रैली में लाखों की भीड़ देखकर खुश हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
-एयरपोर्ट को बताया पश्चिमी यूपी के विकास का केंद्र

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उदघाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही रैली में पहुंचे दो लाख से अधिक लोगों ने भी किया। एयरपोर्ट का उदघाटन करने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा यह उदघाटन अभी अधूरा है। मैं चाहता हूं यहां पर उपस्थित सभी लोग एयरपोर्ट का उदघाटन करें। प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि अपने-अपने मोबाइल फोन का फ्लैश जलाकर उदघाटन करें। लोगों के फ्लैश जलाने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट का असली उदघाटन अब हुआ। प्रधानमंत्री के इस अंदाज ने उपसस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कार्यक्रम में सभी लोग युवा नजर आ रहे हैं। यह एयरपोर्ट नवजवानों के भविष्‍य को उड़ान देगा। उन्‍होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को विकसित यूपी व विकसित भारत का नया अध्‍याय बताया। 

पीएम ने कहा गर्व का दो कारण
उदघाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मेरे गर्व व प्रसन्‍नता का दो कारण है। पहला मैने इस एयरपोर्ट का शिलान्‍यास किया था और आज इसका उदघाटन भी कर रहा हूं। इस एयरपोर्ट का फायदा नोएडा के साथ ही आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, इटावा, फरीदाबाद सहित पूरे पश्चिमी यूपी को होगा। यह एयरपोर्ट भारत के नए मिजाज का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा हमारी सरकार बनने से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे अब उनकी संख्‍याा बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हर 2 मिनट में एक हवाई जहाज उड़ान भरेगा। नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार की योजना अगले कुछ वर्ष में देश में 100 छोटे-छोटे एयरपोर्ट बनाने की है, जिस पर तेजी से काम चल रहा है। कहा पूर्व में हवाई जहाज के सर्विस की व्‍यवस्‍था देश में नहीं थी, देश के 85 प्रतिशत से अधिक जहाज सर्विस के लिए विदेश जाते थे, सर्विस के लिए अब देश में ही सुविधा उपलब्‍ध हो रही है।

मजबूत संकल्‍प को मिलाता है लक्ष्‍य
इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि एयरपोर्ट का शिलान्‍यास 25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, अब 28 मार्च 2026 को उदघाटन भी उन्‍हीं के द्वारा किया जा रहा है। कहा जब संकल्‍प मजबूत हो तो लक्ष्‍य अवश्‍य मिलता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने से विकास की गति बढ़ेगी, रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। एयरपोर्ट से निवेश का सकारात्‍मक वातावरण बना है। निवेश के लिए देश-विदेश की कंपनियां तेजी से आ रही हैं। यह सब डबल इंजन की सरकार के कारण हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्‍यमंत्री ने उन किसानों का विशेष आभार जताया जिन्‍होंने एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन उपलब्‍ध कराई। कहा किसानों के कारण ही योजना के लिए सरकार को 13000 एकड़ लैंड मिली। योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि आज से एयरपोर्ट पर एक रनवे प्रारंभ हो रहा है, जल्‍द ही यहां से 5 रनवे शुरू हो जाएंगे।