द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पूर्व मुख्‍यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने दो दिन पूर्व दादरी में समाजवादी समानता भाईचारा रैली की थी। रैली में बड़ी संख्‍या में जुटे लोगों ने अखिलेश यादव की लोकप्रियता को दर्शाया था। उन्‍होंने रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र की जनता को महत्वपूर्ण संदेश दिया था और आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति स्पष्ट की थी। रैली के उपरांत अखिलेश यादव क्षेत्र के युवा समाजवादी नेता कृशांत भाटी को अपने साथ चार्टर्ड विमान से लखनऊ ले जाकर उनके प्रति अपनी नजदीकी और विश्वास को दर्शाया। ज्ञात हो कि कृशांत भाटी लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और हर चुनाव में पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। कृशांत भाटी ने बताया कि प्‍लेन में राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने आगामी चुनाव, क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने पर जिन किसानों को 64 प्रतिशत मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें पूरा मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही किसानों को 4 प्रतिशत प्लॉट देने और पंचायत चुनाव बहाल कराने की बात भी कही। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के साथ खड़ी रहती है और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ सबसे पहले पार्टी के कार्यकर्ता आवाज उठाते हैं। कृशांत भाटी ने बताया कि रैली में लोगों के उत्साह को देखकर अखिलेश यादव ने संतोष व्यक्त किया और दावा किया कि दादरी क्षेत्र की जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है।