-प्राधिकरण की योजना में विभिन्न श्रेणी के 973 प्लाट
-योजना में 6 मई तक किया जा सकता है आवेदन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में मकान बनाने का सपना देखने वालों को सुनहरा अवसर मिला है। यमुना प्राधिकरण ने लंबे समय बाद 973 प्लाट की बड़ी योजना निकाली है। योजना में 162 से लेकर 290 स्वाक्वायर मीटर तक प्लाट शामिल हैं। प्राधिकरण ने यह योजना सेक्टर 15 सी, 18 व सेक्टर 24 ए में निकाली है। योजना में आवेदन की प्रक्रिया 6 अप्रैल से शुरू हो गई है। लोगों के द्वारा योजना में 6 मई तक आवेदन किया जा सकता है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि योजना का ड्रा 18 जून को होगा।
जमा होगी 10 प्रतिशत राशि
प्राधिकरण की योजना में विभिन्न श्रेणी के लिए 22.5 प्रतिशत का कोटा रखा गया है। जिसमें किसानों के लिए सर्वाधिक 17.5 प्रतिशत का कोटा है। योजना में 162, 183, 184, 200, 223 व 290 स्वाक्वायर मीटर तक के प्लाट शामिल हैं। इसमें 200 मीटर के सर्वाधिक 481 व 162 मीटर के 476 प्लाट शामिल हैं। योजना में 290 स्वाक्वायर मीटर के मात्र दो प्लाट हैं। आवेदन के दौरान 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। लॉटरी में जिन लोगों का नाम नहीं निकलता है उनके द्वारा जमा की गई राशि को प्राधिकरण लगभग एक माह में वापस कर देगा।
