-सड़क चौड़ी न होने से आए दिन लगता था जाम
-20 करोड़ रुपए की लागत से होगा चौड़ीकरण
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:सिरसा-खेरली मार्ग से प्रतिदिन लाखों की संख्या में लोग गुजरते हैं। मार्ग चौड़ा न होने के कारण आए दिन जाम लगता था। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लोगों ने विधायक धीरेंद्र सिंह से सड़क चौड़ी कराने की मांग की थी। विधायक के प्रस्ताव पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्वे कराया था। सोमवार को सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया। सिरसा से खेरली नहर तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण लगभग 20 करोड़ रुपए से होगा। भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

विकास की आधार शिला
इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह संपर्क क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है। यह मार्ग ग्रेटर नोएडा को सीधे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोड़ने में महत्वपूर्ण कड़ी सिद्ध होगा। जिससे क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं प्राप्त होंगी। कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में जेवर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़क, विद्युत, जलापूर्ति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को गति दी जा रही है, जिससे क्षेत्र को एक सशक्त एवं विकसित पहचान मिल सके। विधायक धीरेंद्र सिंह ने यह भी आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि जनता को शीघ्र ही इस परियोजना का लाभ मिल सके। मार्ग के साथ ही जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने 01 करोड़ 91 लाख रुपए की धनराशि से ग्राम खेरली कासना मार्ग से पंचायतन चीरसी लिंक रोड तक का मार्ग का भी शुभारंभ किया।
