-भूखंड के लिए प्राधिकरण कार्यालय में हुआ ड्रा
-किसानों ने प्राधिकरण अधिकारियों का जताया आभार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने डाढ़ा गांव के 17 किसानों को 6 प्रतिशत आबादी का भूखंड दिया। किसान पिछले लंबे समय से भूखंड पाने का इंतजार कर रहे थे। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रतिनिधि सुरेश शर्मा, ओएसडी रामनयन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार, संदीप रावल आदि की मौजूदगी में समान आकार वाले 11 भूखंडों का ड्रा कराया गया। जबकि 6 भूखंडों का आकार भिन्न होने के कारण ड्रा कराने की जरूरत नहीं पड़ी। इन भूखंडों को किसानों के नाम सीधे आवंटन कर दिया गया। किसानों ने भूखंड पाने के लिए प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार से भी गुहार लगाई थी। सीईओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आबादी भूखंड शीघ्र देने के निर्देश दिए थे। नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन प्रक्रिया को पूरा कराया।

वर्षों से था इंतजार
किसानों की जमीनों का अधिग्रहण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्षों पूर्व किया था। लेकिन 6 प्रतिशत भूखंड का आवंटन नहीं हो रहा था। भूखंड पाने के लिए किसानों ने प्राधिकरण अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई थी। कुछ माह पूर्व भी डाढ़ा गांव के किसानों को 6 प्रतिशत भूखंड का आवंटन किया गया था। शेष बचे किसानों को दोबारा भूखंड का आवंटन किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन सिंह का कहना है कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है। डाढ़ा की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे।