-सेक्‍टर के लोगों ने दर्ज कराया कड़ा विरोध
-अल्‍फा दो सेक्‍टर में चल रही है बिल्‍डर की नई साइट

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बूंद-बूंद पानी कीमती है लेकिन बिल्‍डरों के द्वारा लगातार भूजल का दोहन कर पीने योग्‍य पानी को नाली में बहाया जा रहा है। भूजल दोहन का नया मामला अल्‍फा दो सेक्‍टर में चल रही मिग्‍सन बिल्‍डर की साइट का है। जहां पर पंप लगाकर जमीन से निकलने वाले साफ पानी को नाली में बहाया जा रहा है। इस कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सेक्‍टर के लोगों ने बिल्‍डर की साइट पर नाली में बहाए जा रहे पानी का वीडियो बनाकर विरोध दर्ज कराया है। लोगों ने अधिकारियों से मांग की है कि पानी की बर्बादी रोकी जाए और बिल्‍डर के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

नहीं रुक रही बर्बादी
शहर में जगह-जगह बिल्‍डरों के द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान भूजल का दोहन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। नियम के तहत जमीन से निकलने वाले पानी को नाली में बहाकर बर्बाद नहीं किया जा सकला है लेकिन पानी की बर्बादी हर जगह हो रही है। नोएडा के सेक्‍टर 150 में भी बिल्‍डर के द्वारा पानी की बर्बादी की जा रही है। लोगों का कहना है कि बिल्‍डरों के द्वारा बेसकीमती पानी को जमीन से निकालकर बर्बाद किया जा रहा है। इस कारण भूजल का स्‍तर लगातार नीचे गिर रहा है।