-जिले में 42674 छात्र-छात्राओं ने दी थी परीक्षा
-सबसे पहले परिणाम जारी करने में यूपी बोर्ड ने मारी बाजी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यूपी बोर्ड ने इंटर व हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम जारी करने में बाजी मार ली। सीबीएसई व आईसीएसई को पीछे छोड़ दिया। बृहस्पतिवार शाम लगभग चार बजे हाईस्कूल व इंटर का परिणाम एक साथ जारी हुआ। इंटर की परीक्षा में गौतम बुद्ध नगर में हिमांशी शर्मा व हाईस्कूल की परीक्षा में देवेश कुमार ने जिले में टॉप किया। परीक्षा में हिमांशी ने 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। वह केसीएस गर्ल्स इंटर कॉलेज सूरजपुर की छात्रा हैं। हाईस्कूल में 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देवेश ने टॉप किया। वह सेठ तुलाराम सरस्वती विद्या मंदिर जेवर में पढ़ते हैं। परीक्षा में टॉप करने पर दोनों को अभिभावकों व स्कूल प्रबंधन ने मिठाई खिलाकर बधाई दी।

परीक्षा में टॉप थ्री
इंटर की परीक्षा में गौरांगी ने 89.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा व गुरिया कुमार ने 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। गौरांगी मिहिर भोज गर्ल्स इंटर कॉलेज दादरी व गुरिया कुमार दयावती मेमोरियल इंटर कॉलेज दादरी में पढ़ते हैं। हाईस्कूल की परीक्षा में रिषिका कुमारी ने 93.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा व हरिओम ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। रिषिका कुमारी एसबीएस इंटर कॉलेज रोजा जलालपुर व हरिओम एसआरएस कॉलेज खेड़ा धर्मपुरा की में पढ़ती हैं। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 42674 छात्र-छात्राएं परीक्षा में रजिस्टर्ड हुए थे। हाईस्कूल में 22774 में से 21587 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। जबकि, इंटरमीडिएट में 20176 छात्र रजिस्टर्ड थे, जिसमें 19502 छात्र ने परीक्षा दी, जिसमें से 16872 ने शानदार प्रदर्शन किया।
