-एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के साथ इंटर कॉलेज का विकास
-जेवर में विकास के नए-नए आयाम हो रहे स्‍थापित

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जेवर विधानसभा में विकास के नए-नए आयाम स्‍थापित हो रहे हैं। एयरपोर्ट व फिल्‍म सिटी के बाद अब इंटर कॉलेज में भवन निर्माण और बायो-डायवर्सिटी पार्क के विकास की सौगात मिली है। इसका सपना विधायक धीरेंद्र सिंह ने शिक्षा ग्रहण करने के दौरान 1982 में देखा था। धीरेंद्र सिंह का कहना है कि मेरा सपना था कि यह विद्यालय एक दिन विशाल और उत्कृष्ट शैक्षिक संस्थान के रूप में विकसित होगा। आज अत्यंत हर्ष और गर्व के साथ कह सकता हूं कि वह सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुँच चुका है। विद्यालय में होंडा इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर इनिशिएटिव के अंतर्गत पब्लिक इंटर कॉलेज में भवन निर्माण एवं बायो-डायवर्सिटी पार्क के विकास कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास हुआ। जो क्षेत्र में शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई दिशा स्थापित करेगा।

उन्‍नत शैक्षिक सुविधा
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस विद्यालय में आधुनिक और उन्नत शैक्षणिक सुविधाएँ विकसित की जाएंगी। जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण प्राप्त होगा। वहीं बायो-डायवर्सिटी पार्क न केवल पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करेगा, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता भी विकसित करेगा। जेवर क्षेत्र तीव्र गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुरू होने और प्रस्तावित विश्वस्तरीय फिल्म सिटी के बीच यह शैक्षिक पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए सुनहरे अवसर लेकर आएगी। रबूपुरा पब्लिक इंटर कॉलेज में भवन निर्माण और बायो-डायवर्सिटी पार्क का विकास शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा, जो आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देगा।विधायक ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसमें शिक्षा, पर्यावरण और रोजगार के अवसर साथ-साथ आगे बढ़ें।