-छात्रों ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार किए प्रस्तुत
-छात्रों को कूटनीति, नीति-निर्माण और वैश्विक मुद्दों की मिली जानकारी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित एक्यूरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में AKMUN-2026 का आयोजन हुआ। मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के प्रतिभाशाली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के पहले दिन 70 से अधिक छात्रों ने भागीदारी की और तीन प्रमुख समितियों—लोक सभा, यूनाइटेड नेशंस कमीशन ऑन द स्टेटस ऑफ वीमेन (UNCSW) और यूनाइटेड नेशंस ह्यूमन राइट्स काउंसिल (UNHRC)—में गंभीर चर्चाओं और वाद-विवाद में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) की भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, एजेंडा पर चर्चा की तथा प्रस्ताव पारित करने की प्रक्रिया को समझा। आयोजन छात्रों के लिए कूटनीति, नीति-निर्माण और वैश्विक मुद्दों की गहरी समझ विकसित करने का एक प्रभावी मंच साबित हुआ।

एक्यूरेट के छात्र भी हुए शामिल
कार्यक्रम में एक्यूरेट इंस्टीट्यूट के छात्रों ने भी भाग लिया और MUN की पूरी प्रक्रिया—एजेंडा तय करने से लेकर समिति संचालन, डेलीगेशन की भूमिका तथा प्रस्ताव पारित करने तक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। यह अनुभव उनके लिए शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक रहा, जिसने उनकी संवाद क्षमता, नेतृत्व कौशल और टीमवर्क को सुदृढ़ किया। इस अवसर पर एक्यूरेट की चेयरपर्सन पूनम शर्मा ने आयोजक आन्या कपूर, फाउंडर एवं सेक्रेटरी जनरल, AKMUN को उनके प्रथम मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने इस उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता के विकास और वैश्विक दृष्टिकोण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन 26 अप्रैल को परिणामों की घोषणा तथा प्रतिभागियों के सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा।



