-लोगों ने कहा टहलने वाले स्‍थान पर बना दिया गया है फीडिंग प्‍वाइंट
-लोगों का कहना स्‍ट्रीट डॉग आए दिन किसी न किसी पर कर देते हैं हमला

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की विभिन्‍न सोसायटी के लोग स्‍ट्रीट डॉग की समस्‍या से परेशान हैं। कुत्‍तों से परेशान महागुन मायवुड्स सोसायटी के लोगों ने हंगामा किया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। सोसायटी के लोगों ने कहा कि टहलने वाले स्‍थान पर फीडिंग प्‍वाइंट बना दिया गया है। कुत्‍ते आए दिन किसी न किसी पर हमला कर देते हैं। इस कारण सोसायटी के सभी लोग डरे हुए हैं। बच्‍चे व बुजुर्ग नीचे टहलने के लिए भी नहीं जा पाते हैं। लोगों ने मांग की कि स्‍ट्रीट डॉग को वहां से हटाया जाए। लोगों ने पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


बयां की पीड़ा
मौके पर बड़ी संख्‍या में सोसायटी के लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने बताया कि उनके ऊपर स्‍ट्रीट डॉग हमला कर चुके हैं। एक व्‍यक्ति ने बताया कि उनके यहां पर काम करने के लिए आने वाले महिला पर भी कुत्‍ते ने हमला किया था। लोगों ने कहा स्‍ट्रीट डॉग से डर का आलम यह है कि बच्‍चों को खेलने के लिए सोसायटी के पार्क में नहीं भेजते हैं। मौके पर जुटे लोगों ने कहा कि स्‍ट्रीट डॉग को यहां से हटा कर कहीं और शिफ्ट कर दिया जाए।