-सूरजपुर पुलिस ने 5 शातिर लुटेरों को किया गिरफ्तार
-बदमाशों के पास से लूटा गया फोन, पैसा व हथियार बरामद

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर पुलिस ने एक गैंग के 5 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के द्वारा रात के अंधेरे में थार व वैन्‍यू कार में लोगों को लिफ्ट देकर लूटने का काम किया जाता था। बदमाशों ने नोएडा के साथ ही दिल्‍ली-एनसीआर में लूट की कई वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अंकित सिंह, दीपान्शु, तरुण ठाकुर, नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी और मोहित राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटे गए मोबाइल फोन, कैश और अवैध हथियार बरामद है। साथ ही पुलिस ने लूट में प्रयुक्‍त दोनों गाडि़यों को भी जब्‍त कर लिया है।

किराए पर लाते थे गाड़ी
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि गैंग का काम करने का तरीका बेहद चौंकाने वाला है। वारदात को अंजाम देने के लिए किराए पर लग्जरी गाड़ियां जैसे थार और वेन्यू लेते थे। इसके बाद रात के समय सड़कों पर निकल पड़ते थे। रास्ते में जो भी राहगीर लिफ्ट मांगता, उसे यह लोग हमदर्दी के साथ अपनी गाड़ी में बैठा लेते थे और कुछ दूर जाते ही बदमाश असली रंग दिखाते और राहगीरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल, कैश और कीमती सामान लूट लेते थे। यह गिरोह रात में ड्यूटी पर जाने वाले टैक्सी ड्राइवरों को भी निशाना बनाता था। उनकी टैक्सी के आगे जानबूझकर अपनी गाड़ी लहराते थे और जब ड्राइवर विरोध करता, तो उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। वारदात के बाद ये चुपचाप किराए की गाड़ी असली मालिक को लौटा देते थे, ताकि पुलिस इन तक न पहुंच सके। इस गिरोह ने 16 मई की सुबह भी सेक्टर ईटा-01 के पास एक ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार बदमाशों में मुख्य आरोपी मोहित राजपूत पर पहले से ही आर्म्स एक्ट और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।