-शादी में फ‍िजूलखर्ची रोकने के लिए उठाया बड़ा कदम
-भात में अधिक भीड़ ले जाने पर भी रोक

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शादियों में होने वाली फ‍िजूलखर्ची कम करने को लेकर ग्रेटर नोएडा के ग्रामीणों में जागरुकता आने लगी है। इस दिशा में मुर्शदपुर के ग्रामीणों ने पंचायत कर बड़ा निर्णय लिया। जिसके तहत शादियों में डीजे ले जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। निर्णय के तहत गांव में शादी में न तो कोई डीजे लेकर आएगा और न ही गांव वाले किसी शादी में डीजे लेकर जाएंगे। साथ ही टेंट लगाकर खुले में शराब परोसने पर भी पंचायत ने रोक लगा दी है। पंचायत में बड़ी संख्‍या में गांव के लोग मौजूद थे। निर्णय सभी की सहमति के बाद लिए गए हैं।

एक अहम निर्णय यह भी
पंचायत में दो और अहम निर्णय लिए गए हैं। पहला निर्णय लिया गया है कि भात में बहन व बेटियां कोई भी सामान लेकर नहीं आएंगी। साथ ही निर्णय लिया गया है कि भात में अधिक भीड़ नहीं आएगी। घर के लोगों के अलावा रिश्‍तेदारों के यहां से एक-एक आदमी ही जाएगा। गांव के सभी लोगों ने कहा है कि पंचायत ने जो निर्णय लिया है उसका पूरी तरह से पालन किया जाएगा। यदि कोई व्‍यक्ति पंचायत के निर्णय का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई का निर्णय पंचायत ही लेगी। ज्ञात हो कि कुछ दिन पूर्व कई अन्‍य गांवों में भी फ‍िजूलखर्ची पर रोक लगाने का निर्णय लिया जा चुका है।