द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा द्वारा जिला कारागार, लुक्सर, गौतमबुद्ध नगर में स्थापित आधुनिक पैथोलॉजी लैब का शुभारंभ जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने किया। ज्ञात हो कि क्लब द्वारा आयोजित एक अन्य प्रोजेक्ट के दौरान जिला कारागार, लुक्सर प्रशासन की ओर से फार्मासिस्ट एसएस गौतम द्वारा, क्लब अध्यक्ष ऋषि के अग्रवाल से कारागार में बंदियों के लिए आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था। बंदियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने इस अनुरोध को स्वीकार किया तथा आवश्यक उपकरणों सहित पूर्ण पैथोलॉजी लैब की स्थापना कराई। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा लैब में स्थापित मशीनों एवं अन्य चिकित्सा उपकरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उनके संचालन एवं उपयोगिता के बारे में बताया गया। इस अत्याधुनिक सुविधा के माध्यम से कारागार में निरुद्ध बंदियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान एवं उपचार में सहायता मिलेगी। उद्घाटन के उपरांत लैब में 30 बंदियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ.केके शर्मा ने स्वयं अपनी जांच कराकर उपस्थित बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सरदार मंजीत सिंह, विनोद कसाना, अमित गोयल,विजेंद्र भाटी,अतुल जैन, रंजीत सिंह, संजय गर्ग, अनिल कुमार, योगेश गोयल, निकुल गुप्ता व शोभित दलगीर उपस्थित थे।