-आरोपितों के खिलाफ कर्नाटक, जम्मू- कश्मीर, पंजाब में भी दर्ज है शिकायत
-आरोपितों के पास से 5 मोबाइल फोन व 2800 रुपए नकद बरामद
द न्यूज गली, नोएडा: थाना साइबर क्राइम पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के द्वारा फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम से बैंक खाता खुलवाकर साइबर धोखाधड़ी से संबंधित धनराशि प्राप्त की जाती थी। जांच में सामने आया है कि आरोपित पिछले लंबे समय से इस धंधे में संलिप्त थे। आरोपितों की पहचान अविनाश झा, हिमांशु कुमार व जितेन्द्र दहिया उर्फ आशू के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के पास से 5 मोबाइल फोन, 2800 रुपए नकद व अन्य सामान बरामद किया है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यहां भी दर्ज है मुकदमा
तीनों आरोपितों को पुलिस ने सेक्टर-44 नोएडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम से करंट बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने तथा विभिन्न माध्यमों से उसे आगे ट्रांसफर कर वैध दिखाने के लिए किया जाता था। जांच में इन खातों में करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन पाया गया है। जांच में एक और चौकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस को पता चला है कि अभियुक्तों के विरुद्ध कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, पंजाब व अन्य राज्यों साइबर धोखाधड़ी से सम्बन्धित शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने नाम से बैंक खाता, कंपनी या फर्म रजिस्टर न कराएं और न ही किसी को अपना बैंक खाता उपयोग करने दें। बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग अथवा यूपीआई आईडी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। किसी भी संदिग्ध निवेश, नौकरी, लोन, टास्क, ट्रेडिंग या अधिक लाभ के प्रलोभन वाले ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन, नेट बैंकिंग पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
