-लोगों ने कहा वर्षों से कर रहे हैं कंपलीशन सर्टीफिकेट का इंतजार
-सोसायटी निवासियों ने विधायक से पूछे पांच सवाल
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर की कई सोसायटी को कंपलीशन सर्टीफिकेट नहीं मिले हैं, इस कारण फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। कंपलीशन सर्टीफिकेट के लिए सोसायटी में रहने वाले लोग वर्षों से परेशान हैं। ग्रेटर नोएडा की ओएसिस वेनेशिया सोसायटी को भी कंपलीशन सर्टीफिकेट नहीं मिला है। सोसायटी के लोग 2018 से कंपलीशन सर्टीफिकेट का इंतजार कर रहे हैं। अब सोसायटी के परेशान लोगों ने विधायक तेजपाल नागर के नाम खुला पत्र लिखा है। मांग की है कि सोसायटी को जल्द से जल्द कंपलीशन सर्टीफिकेट दिया जाए। लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनकी समस्या का समाधान जल्द होगा।
विधायक से पूछे सवाल
पत्र में सोसायटी के लोगों ने कहा है चुनाव के समय वोट मांगने के लिए जनप्रतिनिधि आते हैं, समस्याएं पूछते हैं लेकिन निदान नहीं होता है। सोसायटी के लोगों ने विधायक से 5 सवाल पूछे हैं। पत्र में लोगों ने पूछा है कि 2018 से लंबित कंपलीशन सर्टीफिकेट के लिए अब तक क्या-क्या ठोस कदम उठाए गए। बिल्डर एवं संबंधित प्राधिकरण की जवाबदेही तय करने हेतु क्या कार्रवाई की गई है। निवासियों के साथ कितनी बार समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। यदि कार्रवाई हुई है तो उसकी स्थिति एवं परिणाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए। सोसायटी के लोगों का कहना है कि हमारा उद्देश्य केवल समाधान प्राप्त करना ही नहीं है, हम चाहते हैं कि जनप्रतिनिधि के रूप में घर खरीदारों की समस्या को प्राथमिकता दें। संबंधित विभागों एवं प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
