-उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सीईओ के सामने रखा
-सीईओ ने कराए जाने वाले विकास कार्यों की दी जानकारी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन(IBA) के पदाधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के साथ उनके कैंप कार्यालय में मीटिंग की। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं, आधारभूत संरचनाओं के विकास, चल रहे कार्यों एवं भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विगत कुछ समय से औद्योगिक क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय विकास कार्यों की सराहना की। एसोसिएशन ने विशेष रूप से इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, इंटरलॉकिंग टाइल्स, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता व्यवस्था एवं श्रमिक सुविधा केंद्र जैसी योजनाओं को अत्यंत सराहनीय बताया। एन.जी. रवि कुमार ने इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी विषयों एवं समस्याओं को अत्यंत गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा आश्वस्त किया कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से एक आदर्श एवं आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अनेक विकास कार्य प्रारंभ किए जा चुके हैं और कई परियोजनाएँ बजटिंग, एस्टीमेट एवं टेंडरिंग की प्रक्रिया में हैं।
सीईओ ने बताई रूपरेखा
सीईओ ने उद्यमियों को बताया कि सूरजपुर गोलचक्कर से घंटा चौक एवं परी चौक तक के मार्ग को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस मार्ग पर ग्रीन बेल्ट का विकास, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, फव्वारों का पुनः संचालन एवं पटरी सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएँगे, जिससे ग्रेटर नोएडा की आधारभूत संरचना को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस प्रकार वर्तमान में इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, ड्रेन, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, हॉर्टिकल्चर एवं अन्य आधारभूत संरचनात्मक कार्य बड़े स्तर पर कराए जा रहे हैं, उसी प्रकार ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जाएँगे। बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा इकोटेक क्षेत्र सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के बिलों से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने अवगत कराया कि अनेक क्षेत्रों में जहाँ अभी तक पानी की पाइपलाइन अथवा नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहाँ भी उद्यमियों को लगातार पानी के बिल भेजे जा रहे थे, जिससे उद्यमियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। एनजी रवि कुमार ने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नई पानी की पाइपलाइन बिछाने हेतु टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा कई स्थानों पर कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों में उद्यमियों को शीघ्र जल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएँगे। नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने के उपरांत ही बिलिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों के विकास हेतु जिस गंभीरता एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया जा रहा है। उससे उद्यमियों में विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य निरंतर चलते रहे तो ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र आने वाले समय में देश के सर्वश्रेष्ठ एवं मॉडल औद्योगिक क्षेत्रों के रूप में स्थापित होंगे।
