-ISSF राइफल वर्ग में हॉकआई शूटिंग अकादमी का दबदबा
-प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में फोकस फायर शूटिंग अकादमी के सहयोग से आयोजित DWPS शूटिंग चैंपियनशिप का समापन हो गया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न शूटिंग अकादमियों से लगभग 340 निशानेबाजों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 10 मीटर राइफल, 10 मीटर पिस्टल तथा लिटिल चैंपियनशिप श्रेणियों के मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि राणा शूटिंग अकादमी के नाम रही, जिसके 80 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी, 5100 की नकद पुरस्कार राशि तथा गिफ्ट हैंपर अपने नाम किए।

खिलाडि़यों ने दिखाया हुनर
ISSF राइफल वर्ग में हॉकआई गाजियाबाद शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। अभिजोत ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय तथा निखिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों को कोच देव का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं ISSF पिस्टल वर्ग में गाजियाबाद शूटिंग अकादमी की संस्कृति बाना ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी, बुलंदशहर के पंकज ने द्वितीय तथा बौलिनी शूटिंग अकादमी के मोनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। NR राइफल वर्ग में बीबीएसएसएम हापुड़ की सौम्या त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। WSA शूटिंग अकादमी के राहुल ने द्वितीय तथा दीपक ओलंपिक शूटिंग अकादमी की हिमांशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। NR पिस्टल वर्ग में चौधरी केहर सिंह शूटिंग अकादमी के विधुर तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। OSS शूटिंग अकादमी के ईशांत ने द्वितीय तथा राणा शूटिंग अकादमी के सागर तोमर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।



