-सीवर व वाटर चार्ज बढ़ोत्‍तरी पर हुआ हंगामा
-ओपन मीटिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई बहस

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पैरामाउंट गोल्‍फ फॉरेस्‍ट सोसायटी में सीवर व वाटर चार्ज बढ़ा दिया गया है। शनिवार को सोसायटी प्रबंधन व निवासियों की बैठक क्‍लब हाउस में हुई। निवासियों ने बढ़ाए गए चार्ज का जमकर विरोध किया। साथ ही निवासियों ने बिल्‍डर पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। निवासियों ने आरोप लगाया कि बैठक में सभी पक्षों को समान अवसर नहीं दिया गया और कुछ चुनिंदा लोगों को ही प्रमुखता से बोलने का मौका मिला। वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में मौजूद रेजिडेंट्स ने बढ़े हुए शुल्क, सुरक्षा व्यवस्था, पारदर्शिता और प्रबंधन से जुड़े कई सवाल मजबूती से उठाए, जिसके चलते बैठक का माहौल काफी गर्म रहा। रेजिडेंट्स का आरोप है कि शुल्क बढ़ाने से पहले परामर्श नहीं किया गया और खर्चों का विस्तृत ऑडिट भी सार्वजनिक नहीं किया गया। हंगामे के बाद सोसायटी प्रबंधन के लोग वहां से चले गए।

ऑडिट कराने की मांग
बैठक में सोसायटी निवासियों ने मांग की कि सोसाइटी के वित्तीय लेनदेन, रखरखाव खर्च और सेवा शुल्कों का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए और उसकी रिपोर्ट सभी निवासियों के साथ साझा की जाए। लोगों ने मांग की कि जब तक ऑडिट रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक बढ़ाए गए शुल्क को लागू न किया जाए। लोगों के विरोध व हंगामे को देखते हुए बिल्डर प्रबंधन ने ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत होने तक बढ़े हुए चार्ज में आगे की प्रक्रिया पर विचार करने की बात कही है। बैठक में केवल शुल्क वृद्धि ही नहीं, बल्कि सोसाइटी में लगातार सामने आ रही चोरी और सुरक्षा संबंधी घटनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।कई निवासियों ने आरोप लगाया कि मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था अच्‍छी नहीं है और सुरक्षा एजेंसी के प्रदर्शन की समीक्षा की जानी चाहिए। कुछ लोगों ने सुरक्षा प्रबंधन में बदलाव की मांग भी रखी।